चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के तेंदुई गांव निवासी विशाल राय की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है और इसमें नया मोड़ सामने आया है। पहले इसे एक सामान्य सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन अब परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस संबंध में परिजन पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों का कहना है कि विशाल राय की हत्या कर इसे दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोगों से मृतक का कुछ दिन पहले प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान गाड़ी पर सवार एक साथी और उसके सहयोगियों के साथ कहासुनी भी हुई थी, जो बाद में बढ़कर गंभीर तकरार में बदल गई।
परिजनों के अनुसार, उसी समय मृतक को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
हालांकि बाद में पंचायत के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था, लेकिन परिजनों का दावा है कि आरोपियों के मन में रंजिश बनी रही। घटना वाले दिन रात में आरोपी पक्ष के लोग विशाल राय को उसके घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद काफी देर तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिली।
परिजनों के मुताबिक, आधी रात के बाद अचानक उन्हें सूचना दी गई कि विशाल राय की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई है। इस सूचना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का कहना है कि जिस परिस्थिति में यह घटना हुई, उससे यह साफ प्रतीत होता है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है, जिसे छिपाने के लिए दुर्घटना का रूप दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, जिसमें कॉल डिटेल, घटनास्थल की परिस्थितियां और संदिग्ध लोगों से पूछताछ शामिल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
वहीं, परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।











Users Today : 74
Users This Year : 23865
Total Users : 36458
Views Today : 199
Total views : 71696