वाराणसी
देश की प्राचीनतम एवं प्रतिष्ठित शैक्षिक धरोहर पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज वाराणसी से हाईस्कूल के छात्र सूर्यदीप प्रजापति ने 25 वर्षों के बाद बोर्ड परीक्षा के परिणाम में उत्तर प्रदेश के किसी राजकीय विद्यालय से टॉप टेन रैंक में स्थान हासिल कर वाराणसी और पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
इस छात्र की ऐतिहासिक सफलता पर ब्रिटेन के नॉटिंघम यूनिवर्सिटी में कार्यरत इस विद्यालय के 1983 बैच के पुरातन छात्र डॉक्टर आनंद ने अपने पिता स्व गोविद प्रसाद श्रीवास्तव के नाम पर 51000 रुपए की मेरिट स्कॉलरशिप की शुरुआत करने की घोषणा की है।
इस वर्ष यह पुरस्कार हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 2025 में पूरे प्रदेश में 6वीं रैंक हासिल करने वाले सूर्यदीप को दिया जाएगा।
डॉ आनंद इस समय ब्रिटेन में यूनियर्सिटी ऑफ नॉटिंघम में बाल चिकित्सा विभाग में प्रोफ़ेसर हैं। डॉ आनंद ने बताया कि उनकी तीन पीढ़ियां क्वींस कॉलेज से पढ़ाई कर चुकी हैं। उनके दादा जी, पिताजी और उनके दो अन्य भाइयों ने भी यहीं से शिक्षा हासिल की है।
क्वींस कॉलेज से पढ़े इनके दो भाइयों में डॉ प्रसन्न कुमार प्राथमिक स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश में निदेशक और न्यायमूर्ति अरविन्द श्रीवास्तव पटना हाईकोर्ट में जज रहे हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री का विजन है कि पुरातन छात्रों के सहयोग से मातृसंस्था को समृद्ध किया जाए।
इस विजन को मूर्त रूप देने के प्रयास में ब्रिटेन में रह रहे डॉ आनंद से बातचीत हुई और छात्र की ऐतिहासिक सफलता पर डॉ आनंद ने इस पुरस्कार की पहल की है, जो इस विद्यालय के छात्रों के लिए पुरातन छात्र की एक महती पहल है।
पुरातन छात्रों की यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
रिपोर्ट : रिम्मी कौर











Users Today : 5
Users This Year : 17446
Total Users : 30039
Views Today : 12
Total views : 59530