वाराणसी:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 28 अप्रैल को होने वाले प्रस्तावित वाराणसी आगमन के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शहर को वीआईपी मूवमेंट के अनुकूल स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निगम ने हाई-अलर्ट जारी करते हुए सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और जन-सुविधाओं की विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत आज से एक सप्ताह तक सभी वार्डों में महासफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसकी निगरानी सीधे सेंट्रल कमांड के जरिए होगी।
इस बाबत सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वीआईपी आगमन के दौरान व्यवस्थाओं में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
सड़कों पर रहेंगे महापौर और आला अधिकारी
अगले एक सप्ताह तक प्रतिदिन सुबह 7.30 बजे से नौ बजे तक चलने वाले सप्ताहव्यापी महा-अभियान की निगरानी स्वयं महापौर करेंगे। महापौर प्रतिदिन एक वार्ड का दौरा करेंगे। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षदों और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी ताकि वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुधारा जा सके।
लंबित फाइलों के निस्तारण को सात दिन का अल्टीमेटम
प्रशासनिक कार्यों में सुस्ती को दूर करते हुए महापौर ने जोनल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सभी लंबित आवेदनों को अगले सात दिनों के भीतर एक विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत निस्तारित किया जाए। किसी भी स्थिति में कोई भी आवेदन पेंडिंग नहीं रहना चाहिए। इसके अतिरिक्त, शहर भर के वॉटर एटीएम को सुचारू रूप से संचालित करने और सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।
छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण और सौंदर्यीकरण पर जोर
वीआईपी रूट और प्रमुख मार्गों को स्वच्छ रखने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को प्रतिदिन वाटर स्प्रिंकलर से धुलाई कराने को कहा गया है। साथ ही, सड़कों पर कहीं भी सीवर ओवरफ्लो न हो, इसके लिए जलकल विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। शहर को सुंदर बनाने के लिए मूर्तियों की नियमित सफाई और प्रमुख चौराहों पर आकर्षक गमले लगाने की व्यवस्था की जा रही है। शहर में छुट्टा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए विशेष टीम गठित कर मार्गों पर तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार, विनोद कुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता आरके सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके चौधरी, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित निगम व जलकल विभाग के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।
स्ट्रीट लाइट से लेकर सीवर तक पर. विशेष नजर
स्वच्छता और सौंदर्यीकरण: प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों और पेड़ों की वाटर स्प्रिंकलर से धुलाई होगी। कहीं भी कचरा कंटेनर भरे नहीं होने चाहिए। उद्यान विभाग को मूर्तियों की सफाई, माल्यार्पण और प्रमुख स्थानों पर आकर्षक गमले रखने के निर्देश दिए गए।
सीवर और पेयजल: महाप्रबंधक जलकल को सड़कों पर कहीं भी सीवर ओवरफ्लो न होने देने और सभी वाटर एटीएम को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए।
प्रकाश व्यवस्था: प्रभारी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त रहें, यदि कहीं कोई कमी है तो तत्काल मरम्मत कराई जाए।
पशु प्रबंधन: शहर में छुट्टा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।











Users Today : 28
Users This Year : 12169
Total Users : 24762
Views Today : 91
Total views : 48874