बलिया:
नरही थाना क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को तार तार किए जाने का मामला सामने आया है। यहां रविवार की रात एक सनसनीखेज वारदात में दोस्त ने ही दोस्त को गोली मार दी। घटना सोहांव गांव के पास गंगा के किनारे की है, जहां आर्यन यादव (20) नामक युवक को गोली मारी गई है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के बक्सर के रहने वाले आर्यन यादव को उसके ही दोस्तों ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आर्यन को चार गोलियां लगी है, जिसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल और फिर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया है। डॉक्टरों की माने तो फिलहाल आर्यन की स्थिति खतरे से बाहर है।
घुमाने की बात कहकर घर से लाए थे आरोपी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी हरकत में आई और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर और क्षेत्राधिकार राकेश कुमार सिंह ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक, यह घटना गंगा नदी के तरफ जाने वाले रास्ते पर हुई। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आर्यन ने बताया कि उसके कुछ दोस्त बहाने से अपने साथ लेकर बाइक पर घटनास्थल पर पहुंचे थे।
आर्यन ने बताया कि दोस्तों ने उसे घुमाने और फिर घर छोड़ने की बात कही थी, लेकिन जैसे ही वे सुनसान रास्ते पर पहुंचे। उसके दोस्तों ने उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और चार गोलियां उसे लगी है। आर्यन ने बताया कि उसके दोस्त बम और बबलू यादव ने इस घटना को अंजाम दिया है जो बक्सर के जसो रोड क्षेत्र के रहने वाले हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
फिलहाल, बलिया पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है और जल्द ही दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला











Users Today : 4
Users This Year : 23946
Total Users : 36539
Views Today : 4
Total views : 71820