वाराणसी
भीषण गर्मी के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में सराहनीय पहल की गई। रविवार को विश्वविद्यालय के चौरा माता मंदिर परिसर स्थित महामना की बगिया में ‘वॉटर फॉर बर्ड्स’ अभियान चलाया गया।
इस अभियान का संयोजन यशवर्धन तोमर और कुंवर कीर्ति कैवल्य द्वारा किया गया। अभियान के तहत पक्षियों के लिए लगभग दो दर्जन पयाऊं (जल पात्र) लगाए गए, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें पीने का पानी उपलब्ध हो सके।

यह पहल हनुमान शाखा के स्वच्छाग्रह अभियान के अंतर्गत की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण पक्षियों के लिए जल की समस्या गंभीर हो जाती है, ऐसे में यह छोटा प्रयास उनके जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
गौरतलब है कि बीते दिनों विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छाग्रहियों द्वारा व्यापक स्तर पर प्लास्टिक मुक्त अभियान भी चलाया गया था। इस अभियान के तहत छात्रों और स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से छात्र नेता प्रशांत राय, शोध छात्र रंजीत राय, उत्कर्ष पाठक, दीपेश कुमार, दिव्यांक दुबे, केशरी नंदन सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

आयोजकों ने अपील की कि आमजन भी अपने घरों और आसपास के स्थानों पर जल पात्र रखकर इस अभियान में भागीदारी निभाएं, ताकि प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण में सामूहिक योगदान सुनिश्चित किया जा सके।
रिपोर्ट : रिम्मी कौर











Users Today : 7
Users This Year : 15846
Total Users : 28439
Views Today : 8
Total views : 56365