चन्दौली इलिया सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) के अंतर्गत गीत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर संगीता सिन्हा ने की, जबकि मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. रोहित यादव के कुशल निर्देशन में पूरा आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में डॉ. रमाकांत गौड़ उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर आधारित गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके सुरों में न सिर्फ कला झलकी, बल्कि समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश भी सुनाई दिया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
प्रतियोगिता के परिणाम में ज्योति जायसवाल (एम.ए. प्रथम वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी को प्रभावित किया। वहीं गंगा (बी.ए. प्रथम वर्ष) ने द्वितीय और गायत्री (बी.ए. द्वितीय वर्ष) ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. रोहित यादव द्वारा सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 127
Users This Year : 23918
Total Users : 36511
Views Today : 282
Total views : 71779