चंदौली डीडीयू नगर शहर कांग्रेस कमेटी ने गल्ला मंडी कैंप कार्यालय पर देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के तहत आयोजित गोष्ठी में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने बाबू जगजीवन राम के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वे एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर दलित नेता और कुशल राजनेता थे, जिन्हें स्नेहपूर्वक ‘बाबूजी’ कहा जाता था।
बृजेश गुप्ता ने जानकारी दी कि बिहार में जन्मे बाबू जगजीवन राम देश के पहले श्रम मंत्री रहे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने रेल, संचार, रक्षा मंत्री तथा उप प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया। उन्होंने लगभग 40 वर्षों तक संसद सदस्य रहते हुए कभी चुनाव न हारने का अद्भुत रिकॉर्ड बनाया।

बाबू जगजीवन राम संविधान सभा के सदस्य भी रहे और वर्ष 1936 में बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में नामांकित किए गए थे। गोष्ठी में यह भी बताया गया कि 9 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत के समय वे महात्मा गांधी के साथ मुंबई में मौजूद थे। उन्हें बिहार में आंदोलन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न मंत्रालयों में रहते हुए बाबूजी ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कीं, जिनमें पेंशन योजना भी प्रमुख है। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस कार्यक्रम में शाहिद तौसीफ, विजय गुप्ता, संजय जायसवाल, रमेश पांडेय, इम्तियाज अहमद, ऋषि दयाल, साबिर राईन, अनवर सादात, नेसार शाह, उमेश चौहान, मुन्नी सिंह, कन्हैया मोदनवाल, जितेंद्र गुप्ता, इकबाल अहमद, कुंदन गुप्ता, अजय माली, दीपक चौधरी, रब्बानी शाह, रामाश्रय रावत और रमेश यादव सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 4
Users This Year : 17045
Total Users : 29638
Views Today : 4
Total views : 58729