वाराणसी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव के आगमन के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस हाईअलर्ट है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को बीएलडब्ल्यू कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। साथ ही समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रवेश द्वारों पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग की जाए और बिना चेकिंग व फ्रिस्किंग किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। साथ ही प्रत्येक आगंतुक को अनिवार्य रूप से DFMD (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) से होकर गुजरना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु की प्रभावी जांच हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल एवं वीआईपी मार्ग पर ड्रोन और CCTV कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरतने को कहा गया। इसके अलावा सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ आवश्यकतानुसार रूफटॉप ड्यूटी भी लगाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और भीड़ नियंत्रण के लिए रस्सों तथा लाउड-हेलर का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूर्व ब्रीफिंग देने और आवश्यक संसाधनों से लैस रहने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने होटल, ढाबा एवं अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन चेकिंग करने तथा वहां ठहरे व्यक्तियों के पहचान पत्रों का सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी बढ़ाने और अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल नियंत्रण करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद कैम्प कार्यालय में आयोजित बैठक में शिवहरी मीणा, आलोक प्रियदर्शी सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी अधिकारियों को सतर्कता, अनुशासन और पेशेवर व्यवहार के साथ ड्यूटी निभाने, वर्दी को स्वच्छ व सुव्यवस्थित रखने तथा हर परिस्थिति के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने दोहराया कि वाराणसी जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण शहर में वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और मुस्तैदी के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला











Users Today : 134
Users This Year : 23925
Total Users : 36518
Views Today : 291
Total views : 71788