वाराणसी।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत अभियान चलाकर बनाए जाने वाले आयुष्मान कार्ड एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत जनपद में अभियान चलाकर बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड में विगत 10 दिनों की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव, पिंडरा एवं हरहुआ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा इन्हें कारण बताओं नोटिस जारी करने का निर्देश दिया,
इसके साथ ही आयुष्मान सेल में कार्यरत कर्मियों के साथ-साथ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बड़ागांव का वेतन रोकने का निर्देश दिया। कार्य में त्वरित सुधार के निर्देश दिए तथा कहा कि जब तक जनपद के समस्त कार्ड नहीं बनाए जाते हैं तब तक आयुष्मान सेल के कर्मियों का मानदेय आहरित नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने गर्मी को देखते हुए हीट वेव से बचाव एवं चिकित्सालयों में समस्त तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समय से वार्ड में लगाए गए कूलर, एसी की व्यवस्था सुदृद्ध कर लिया जाए ।

सीडीओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में क्षमता के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों को भर्ती किया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चे संदर्भित किया जाए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी के दूसरे स्थान पर रहने को लेकर निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य संकेत में लगातार सुधार रखा जाए जिससे कि जनपद की रैंकिंग कम ना हो।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद द्वारा सभी कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया गया। टीबी नोटिफिकेशन रेट, फोर एएनसी (चार प्रसव पूर्व जांच) में वृद्धि के निर्देश दिए गए। आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित बच्चों तथा सबल काशी पोर्टल पर पंजीकृत बच्चों का शीघ्र उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।











Users Today : 120
Users This Year : 23911
Total Users : 36504
Views Today : 275
Total views : 71772