चन्दौली इलिया क्षेत्र के चकिया-अहरौरा रोड मुजफ्फरपुर में निर्मित राजदरी देवदरी वाटर पार्क एंड रिसोर्ट का भव्य उद्घाटन आगामी 31 मार्च को किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उद्घाटन समारोह दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होकर रात 10 बजे तक चलेगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
उद्घाटन अवसर को खास बनाने के लिए भोजपुरी संगीत जगत के प्रसिद्ध कलाकार मोहन राठौर, शिल्पी राज, समर सिंह एवं अनुपमा यादव अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इन कलाकारों के लाइव परफॉर्मेंस को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
यह वाटर पार्क पूर्वांचल का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक मनोरंजन केंद्र बताया जा रहा है। यहां बच्चों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए थीम आधारित पूल, आकर्षक वॉटर स्लाइड्स, वेव पूल और एडवेंचर गतिविधियों के लिए अलग-अलग जोन तैयार किए गए हैं। खास बात यह है कि कपल्स के लिए जिप लाइन और स्काई साइक्लिंग जैसी रोमांचक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जो युवाओं और पर्यटकों को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगी।
रिसोर्ट परिसर में ठहरने के लिए आरामदायक रूम्स और कॉटेज की व्यवस्था की गई है। साथ ही रेस्टोरेंट और फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा। इसके अलावा शादी-विवाह, पार्टी और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए भी यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्पेस उपलब्ध है। जंगल सफारी, स्काई साइक्लिंग और अन्य एडवेंचर एक्टिविटीज़ का आनंद एक ही स्थान पर मिलना इस प्रोजेक्ट को और खास बनाता है।
पर्यटन की दृष्टि से पहले से प्रसिद्ध राजदरी देवदरी जलप्रपात और लतीफ शाह पिकनिक स्पॉट के नजदीक स्थित यह वाटर पार्क क्षेत्र को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और दोस्तों के साथ इस भव्य उद्घाटन समारोह में शामिल होकर इस नए मनोरंजन स्थल का आनंद लें। यह प्रोजेक्ट निश्चित रूप से चंदौली जनपद को पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत स्थान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 120
Users This Year : 23911
Total Users : 36504
Views Today : 275
Total views : 71772