आजमगढ़।
जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात बदमाशों ने छितौनी मोड़ के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार देर रात छितौनी मोड़ के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने स्विफ्ट डिजायर कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां कार पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि छितौनी मोड़ के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार पर गोली लगने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।









Users Today : 53
Users This Year : 23995
Total Users : 36588
Views Today : 152
Total views : 71968