आजमगढ़।
सिधारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब दो दिन से लापता इंटरमीडिएट के छात्र का शव तमसा नदी में मछली मंडी के पास मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के सिधारी पश्चिम स्थित पवन बुक एजेंसी वाली गली निवासी रामप्रताप सिंह का 17 वर्षीय पुत्र नमन प्रताप सिंह इंटरमीडिएट का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह 8 मार्च को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कहीं पता नहीं चला तो सिधारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मंगलवार अपराह्न शहर कोतवाली क्षेत्र के मछली मंडी के पास तमसा नदी में स्थानीय लोगों ने एक शव उतराता हुआ देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में शव की पहचान लापता छात्र नमन प्रताप सिंह के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता राम प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति के सदस्य भी हैं। बेटे का शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
सीओ नगर शुभम तोदी ने बताया कि सोमवार को रामप्रताप सिंह द्वारा अपने 17 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी गई थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। मंगलवार को तमसा नदी से शव बरामद हुआ है। मौके पर स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









Users Today : 53
Users This Year : 23995
Total Users : 36588
Views Today : 152
Total views : 71968