वाराणसी।
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जन शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार को पिंडरा तहसील मुख्यालय पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन का लाभ तय समय सीमा में आम जन तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनके समाधान के लिए ठोस कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व व जमीन से जुड़े मामलों पर ध्यान देते हुए कहा कि मौके पर जांच करते समय शिकायतकर्ता या उपस्थित लोगों के हस्ताक्षर जरूर कराए जाएं और फोटोग्राफ्स भी लिए जाएं, ताकि निस्तारण की पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने विभाग स्तर पर ही शिकायतों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकांश शिकायतें जमीन व राजस्व विवाद से संबंधित आईं। इन मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए कानूनगो, लेखपाल और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर निरीक्षण और सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
समाधान दिवस में कुल 131 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश के साथ भेज दिए गए।











Users Today : 121
Users This Year : 17434
Total Users : 30027
Views Today : 230
Total views : 59510