सोनभद्र।
बेसिक शिक्षा विभाग के नवाचारी शिक्षक एवं समाजसेवी डॉ. बृजेश कुमार सिंह “महादेव” का चयन ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवॉर्ड 2026 के लिए किया गया है। यह सम्मान भव्य फाउंडेशन, जयपुर (राजस्थान) द्वारा आयोजित ग्लोबल डायमंड आइकन अवॉर्ड एवं अंतरराष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन के अवसर पर 5 अप्रैल 2026 को प्रदान किया जाएगा। फाउंडेशन की निदेशक डॉ. निशा माथुर व संस्थापक शैलेंद्र माथुर ने ई-मेल के माध्यम से डां बृजेश महादेव के चयन की जानकारी देते हुए बताया कि इस समारोह में देश-विदेश के कई विशिष्ट अतिथि, शिक्षाविद् तथा मंत्रीगण उपस्थित रहेंगे।
सोनभद्र जनपद के निवासी डॉ. बृजेश महादेव, जो वर्तमान में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी, नगवां में सहायक अध्यापक तथा ब्लॉक स्काउट मास्टर नगवां के रूप में कार्यरत हैं, को यह सम्मान शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जा रहा है। डॉ. बृजेश महादेव एक प्रख्यात शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं दूरदर्शी व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। प्रारंभ से ही वे शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहे हैं। उनकी शैक्षणिक रुचि शोध, नवाचार और समाजोपयोगी ज्ञान के विकास की ओर केंद्रित रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान केवल कक्षा शिक्षण तक सीमित न रहकर शैक्षिक संस्थानों के विकास, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान तक विस्तृत है।उन्हें शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से भी सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें प्रमुख हैं— एशियन एजुकेशन अवॉर्ड, नेशनल बिल्डर्स अवॉर्ड तथा राज्य आईसीटी अवॉर्ड। वे एक सक्रिय स्काउट मास्टर के रूप में भी विशिष्ट सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।
डॉ. बृजेश महादेव ने समाज के शैक्षिक और बौद्धिक विकास के लिए एक दर्जन से अधिक विद्यालयों एवं पुस्तकालयों की स्थापना और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उनके द्वारा एक दर्जन से अधिक पुस्तकों का लेखन व प्रकाशन भी किया गया है, जो शिक्षा, समाज और विचार-जगत में उपयोगी सिद्ध हो रही हैं।
उनका व्यक्तित्व सरल, कर्मठ और प्रेरणादायक है। वे मानते हैं कि शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। उनका जीवन शिक्षा, सेवा और संस्कारों के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। डॉ बृजेश महादेव राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सोनभद्र के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष भी हैं। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने उन्हें अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।









Users Today : 30
Users This Year : 23726
Total Users : 36319
Views Today : 120
Total views : 71386