वाराणसी वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंतिम माह चल रहा है। इसी क्रम में नगर निगम वाराणसी द्वारा बकाया संपत्ति कर वसूली अभियान में तेजी लाई जा रही है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जोनल अधिकारी कोतवाली जोन मृत्युंजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम द्वारा सप्तसागर दवा मंडी क्षेत्र में बड़े बकायेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
उक्त क्षेत्र में लगभग 175 मकान/व्यावसायिक प्रतिष्ठान ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जिनके दुकानदारों एवं भवन स्वामियों द्वारा पिछले कई वर्षों से संपत्ति कर जमा नहीं किया गया है। इन सभी पर लगभग ₹5 करोड़ से अधिक का संपत्ति कर बकाया है।
नगर निगम के अधिकारियों एवं राजस्व निरीक्षकों द्वारा पूर्व में कई बार संबंधित भवन स्वामियों एवं दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए, बिल वितरित किए गए तथा लगातार यह आग्रह किया गया कि वे अपना बकाया संपत्ति कर समय से जमा कर दें, परंतु इसके बावजूद कर जमा नहीं किया गया।
इसी के क्रम में नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर बकायेदारों से तत्काल संपत्ति कर जमा करने के लिए कहा गया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध भी किया गया, किंतु नगर निगम की टीम द्वारा नियमानुसार तालाबंदी की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों एवं भवन स्वामियों द्वारा मौके पर ही ₹10.30 लाख का संपत्ति कर जमा किया गया। साथ ही सभी बकायेदारों द्वारा अनुरोध किया गया कि वे 31 मार्च 2026 से पूर्व अपना शेष बकाया संपत्ति कर जमा कर देंगे।
नगर निगम वाराणसी ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति कर वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा तथा बड़े बकायेदारों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार तालाबंदी एवं अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।











Users Today : 134
Users This Year : 23925
Total Users : 36518
Views Today : 291
Total views : 71788