सिंगरौली/मध्य प्रदेश।
देश की प्रमुख कोयला उत्पादक कंपनी एनसीएल के गोरबी-बी ब्लॉक सीएचपी से निकलने वाले कोयला रैक से रोजाना टन के हिसाब से माल गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गुड्स ट्रेन के रुकते ही 100 से अधिक लोग रैक पर चढ़ जाते हैं और कुछ ही देर में कई टन कोयला नीचे गिरा दिया जाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11:00 बजे ब्लॉक-बी सीएचपी से लोड होकर निकली मालगाड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही अचानक रुक गई। इसी दौरान सैकड़ों लोग ट्रेन पर चढ़ गए और कोयला नीचे गिराने लगे। बाद में इसे बोरों में भरकर मौके से हटा दिया गया। दावा है कि रोजाना 3-4 रैक से इसी तरह हजारों टन कोयले की चोरी की जा रही है।
सड़क मार्ग से बहरी और यूपी तक सप्लाई:- आरोप है कि रैक से उतारा गया कोयला पहले ग्राम पड़ी में इकट्ठा किया जाता है, फिर ट्रकों के जरिए बहरी और उत्तर प्रदेश तक भेजा जाता है। स्थानीय स्तर पर नायडू, खान और मिश्रा नामक व्यक्तियों पर इस संगठित गिरोह को संचालित करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि यह पूरा नेटवर्क कई महीनों से सक्रिय है और इससे कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है।
सुरक्षा विभाग और आरपीएफ पर भी सवाल:- सबसे गंभीर आरोप एनसीएल के सुरक्षा विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की भूमिका को लेकर हैं। जिस मार्ग से रैक गुजरते हैं, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, लेकिन कथित रूप से निगरानी तंत्र निष्क्रिय नजर आता है। सवाल उठ रहा है कि बिना अंदरूनी मिलीभगत के इतनी बड़ी मात्रा में कोयला निकालना कैसे संभव है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम पड़री के रास्ते रोजाना कोयले से भरे ट्रक गुजरते हैं, लेकिन वैध परिवहन के दस्तावेज नजर नहीं आते। इससे संकेत मिलता है कि यह कोई छोटी-मोटी चोरी नहीं, बल्कि संगठित स्तर पर चल रहा अवैध कारोबार है। सूत्रों के मुताबिक जब भी इस मामले को लेकर आवाज उठती है, तो शिकायतों को दबाने की कोशिश की जाती है। शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इससे पूरे तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बड़ा सवाल:- जब रोजाना रैक से टनों कोयला गायब हो रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारी मौन क्यों हैं? क्या सुरक्षा विभाग की चुप्पी इस पूरे खेल में मिलीभगत की ओर इशारा कर रही है? क्या करोड़ों के इस कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच होगी?











Users Today : 17
Users This Year : 18178
Total Users : 30771
Views Today : 18
Total views : 61128