चंदौली शहाबगंज।
थाना परिसर में रविवार को सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर ‘पीस कमेटी’ की बैठक हुई। प्रभारी निरीक्षक प्रभुनाथ यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूजा समितियों के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आस्था के इस पर्व में किसी भी प्रकार की अराजकता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रभुनाथ यादव ने डीजे संचालकों और पूजा समितियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन या पूजा के दौरान डीजे पर अश्लील गाने बजाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरस्वती पूजा विद्या और संस्कार का पर्व है, इसमें फूहड़पन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ध्वनि प्रदूषण के मानकों का उल्लंघन या अशोभनीय प्रदर्शन पाए जाने पर पुलिस तत्काल वाहन और उपकरण जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगी।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमांव, एकौना, लटाव, ठेकहा, राजुपुर, मसोरी और जेंगूरी सहित कुल 16 मुख्य स्थानों पर माता सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पुलिस ने इन सभी स्थलों के लिए सुरक्षा योजना तैयार कर ली है। इन क्षेत्रों में पुलिस की निरंतर गश्त जारी रहेगी। प्रभारी निरीक्षक ने समितियों से पंडालों में स्वयंसेवकों की नियुक्ति करने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बैठक में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगदड़ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हुड़दंगियों को चिह्नित करने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस बल तैनात रहेगा।
इस अवसर पर उप निरीक्षक संगम द्विवेदी, शिवपूजन सिंह, प्रेम सिंह, रामचन्द्र शाही, प्रहलाद उपाध्याय सहित राजू चौहान, संजय मौर्य और शिवम चौहान जैसे स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने का संकल्प लिया











Users Today : 1
Users This Year : 6241
Total Users : 18834
Views Today : 1
Total views : 37226