चन्दौली इलिया
यशकायी बाबू कुबेर प्रसाद पाल की चतुर्थ पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को पंचायत भवन परिसर सरैया में कंबल वितरण एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत 200 वृद्धजनों व जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए, जबकि 40 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं शैक्षिक किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. प्रिया रघुराज और ट्रॉमा सेंटर वाराणसी के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश विश्वकर्मा रहे। अतिथियों के हाथों कंबल पाकर वृद्धजन काफी प्रसन्न नजर आए और आयोजन समिति को दिल से आशीर्वाद दिया। वहीं, मेधावी विद्यार्थियों को जब अतिथियों द्वारा मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तो उनकी खुशी देखते ही बन रही थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रघुराज ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक मूल्यों में गिरावट के दौर में ऐसे आयोजनों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। आज लोग अपने बच्चों पर तो विशेष ध्यान देते हैं, लेकिन बुजुर्ग माता-पिता के प्रति उपेक्षा का भाव देखने को मिलता है। ऐसे समय में बुजुर्गों के सम्मान व सेवा से जुड़े कार्यक्रम समाज को नई दिशा देते हैं।विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रिया रघुराज ने कहा कि आयोजक समिति द्वारा क्षेत्र में शिक्षा का माहौल बनाने और बच्चों को प्रोत्साहित करने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए और बच्चों के साथ-साथ बुजुर्गों का भी सम्मान व ध्यान रखना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान अशोक कुमार गुप्ता, मनोज श्रीवास्तव, डॉ. रामबिलास पाल, रमेश मौर्य, क्रांति कुमार ,शंभूनाथ जायसवाल, नंदलाल मौर्य, देशराज योगाचार्य, घुरफेक्कन प्रसाद, एडवोकेट रामबिलास पाल, हरिश्चंद्र पाल, डॉ. सभाजीत पाल, मुलायम मौर्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता घुरफेकन जायसवाल ने की तथा संचालन नंदलाल शास्त्री ने किया। अंत में कार्यक्रम संयोजक प्रदीप कुमार पाल ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।











Users Today : 51
Users This Year : 10709
Total Users : 23302
Views Today : 98
Total views : 45759