वाराणसी। वर्ष 2026 की गणतंत्र दिवस परेड इस बार महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल बनने जा रही है। “मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण” की थीम पर आधारित इस भव्य परेड में मार्चपास्ट की सभी टोलियाँ महिला पुलिसकर्मियों की होंगी, जो काशी की धरती से देशभर को नारी शक्ति का मजबूत संदेश देंगी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने परेड की तैयारियों का गहन निरीक्षण कर अधिकारियों व कर्मचारियों को अनुशासन, समन्वय और उत्कृष्ट टर्नआउट सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर पुलिस की कार्यशैली, आचरण और प्रस्तुति सर्वोच्च स्तर की होनी चाहिए।
इस ऐतिहासिक परेड में महिला कमांडो दस्ता, महिला स्कूटी दस्ता और महिला घुड़सवार दस्ता भी शामिल होंगे। खास बात यह है कि परेड की कमान मानसी दहिया (ACP U/T) के हाथों में होगी, जो स्वयं महिला नेतृत्व की सशक्त तस्वीर पेश करेगी।
गणतंत्र दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी देशभक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखा जाएगा। नुक्कड़ नाटक और विशेष प्रदर्शनी के जरिए समाज को जागरूक और प्रेरित करने का संदेश दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की भी विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम को सुरक्षित, भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त लाइन ईशान सोनी, ACP (U/T) मानसी दहिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
2026 की गणतंत्र दिवस परेड न सिर्फ राष्ट्रभक्ति का उत्सव होगी, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का ऐतिहासिक प्रतीक भी बनेगी
रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी









Users Today : 123
Users This Year : 24065
Total Users : 36658
Views Today : 245
Total views : 72061