अतर्रा/बिसंडा। तहसील अतर्रा के बिसंडा ब्लॉक क्षेत्र के भदावल गांव निवासी दीपू के नेतृत्व में भदावल गांव के विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। सत्यवीर के साथ अवधेश, शिवकुमार, मुन्नी, दीपू, शिवबोधन, कक्कू, दादू, उषा सहित आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों ने बताया कि गांव में वर्षों से कोई विकास कार्य नहीं हुआ, जबकि कागजों में सरकारी धन की निकासी लगातार दिखाई जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भदावल गांव में (बृजलाल) जमादार के घर के पास पुलिया निर्माण के लिए प्रस्तावित धनराशि ₹2,16,512 की निकासी 30 सितंबर 2021 को दिखाई गई है, परंतु पुलिया का निर्माण नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि मजदूरी के नाम पर भी ₹58,808 की एक और निकासी 30 सितंबर 2021 को दर्शाई गई है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य शुरू नहीं हुआ।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया न बनाए जाने से उन्हें रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात या सामान्य दिनों में भी कीचड़ और गड्ढों के कारण लोग फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह रास्ता अत्यंत जोखिम भरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद न तो जांच हुई और न ही पुलिया निर्माण शुरू कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार, “सरकारी धन तो कागजों में खर्च दिखा दिया गया, लेकिन गांव की हालत ज्यों की त्यों बनी हुई है।”
मामले पर ग्राम प्रधान बृजेश यादव का पक्ष जानने के लिए कई बार फोन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने बावजूद कोशिशों के फोन नहीं उठाया। उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए और पुलिया निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि रोजाना होने वाली दिक्कतें समाप्त हो सकें।

रिपोर्ट सुनील यादव










Users Today : 56
Users This Year : 6296
Total Users : 18889
Views Today : 123
Total views : 37348