वाराणसी। काशी दर्शन सेवा एक दिसंबर से शुरू होगी। इसके तहत पर्यटक 10.30 घंटे में काशी के प्रमुख पर्यटन स्थलों, मंदिरों और घाटों की सैर करेंगे। इसके लिए उन्हें 2499 रुपये किराया देना होगा। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से काशी दर्शन सेवा की शुरुआत की जा रही है।
कैंट स्थित चौधरी चरण सिंह बस स्टेशन से सुबह 8 बजे यह सेवा शुरू होगी और शाम 6.30 बजे वापस आएगी। पर्यटकों को सैर कराने वाली ई-बसों में हिंदी और अंग्रेजी बोलने वाले प्रशिक्षित गाइड भी मौजूद रहेंगे, जो यात्रियों को काशी के इतिहास, आध्यात्म और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगे।
पर्यटकों को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, कालभैलव, संकच मोचन, दुर्गाकुंड मंदिर, तुलसी मानस मंदिर और बौद्ध तीर्थ स्थल सारनाथ की सैर कराएगी। इसके अलावा नमो घाट और गंगा किनारे के टूरिस्ट स्पॉट का भ्रमण कराया जाएगा। पैकेज में श्री काशी विश्वनाथ के सुगम दर्शन का टिकट भी जोड़ा गया है, जिससे यात्रियों को बिना भीड़-भाड़ के सहज दर्शन का अवसर मिल सके।
पर्यटकों के अनुभव को और जीवंत बनाने के लिए अस्सी घाट की प्रसिद्ध सुबह-ए-बनारस आरती और शाम की गंगा आरती को भी शामिल किया गया है। सुवह यात्रियों को कचौड़ी-सब्जी और जलेबी का स्वाद चखने को मिलेगा। वहीं शाम को चाट और स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगे। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में एक बस चलाई जा रही है। बाद में जरूरत के हिसाब से बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।












Users Today : 7
Users This Year : 10879
Total Users : 23472
Views Today : 8
Total views : 46037