बिहार के 20 जिलों के 122 विधानसभा क्षेत्रों में सख्त सुरक्षा इंतजामों के बीच मंगलवार को दूसरे चरण का मतदान होगा। इस चरण में 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं। सोमवार की दोपहर बाद से ही मतदान कर्मियों के बीच ईवीएम वितरित कर बूथों की ओर रवाना किया गया।
सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान का समय तय है। लेकिन, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थित सात विधानसभा क्षेत्रों चैनपुर, रजौली (सु), गोविंदपुर, सिकंदरा (सु), जमुई, झाझा एवं चकाई एवं 1202 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही मतदान होगा। इस चरण में करीब चार लाख सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। हरेक बूथ पर सशस्त्र सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए दो हेलीकॉप्टरों की तैनाती की गई है।
इस चरण में मतदान के साथ ही, पूर्व उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद व रेणू देवी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम कुमार, कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार एवं लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी का भाग्य भी ईवीएम में बंद हो जाएगा।
तीन विधानसभा सीटों कैमूर में चैनपुर, रोहतास में सासाराम और गया जी में गया शहर में 22-22 उम्मीदवार हैं। वहीं,लौरिया, चनपटिया,रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज एवं बनमनखी में सबसे कम पांच-पांच प्रत्याशी हैं।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला









Users Today : 0
Users This Year : 24080
Total Users : 36673
Views Today :
Total views : 72083