वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर अपराध और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन जुआ खेलने वाले पांच जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 3440 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, थाना कोतवाली क्षेत्र के विशेश्वरगंज स्थित बाड़ा नंबर-5 के पास कुछ लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म “Play Bhagya Laxmi.in” के जरिए जुआ खेल रहे थे। इस संबंध में एसीपी कोतवाली डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की।
छापा मारते ही जुआरी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार जुआरियों की पहचान इस प्रकार हुई —
1. गोलू कोहार, निवासी मुकीमगंज मच्छोदरी, थाना आदमपुर
2. मुश्ताक अहमद, निवासी ओमकारेश्वर, थाना आदमपुर
3. राजेंद्र पासवान, मूल निवासी राजपुर चतरा, झारखंड (वर्तमान पता: हीरा हिंदू होटल, विशेश्वरगंज)
4. शिवम वर्मा, निवासी साम्या गली, चौखंभा, थाना कोतवाली
5. मनोज कुमार, निवासी गायघाट, थाना कोतवाली
पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने ऑनलाइन जुआ खेलने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे मोबाइल से 12 रुपये की बोली लगाकर टिकट खरीदते थे, और जिसका टिकट खुलता था उसे 100 रुपये मिलते थे। पकड़े जाने के डर से वे मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रिंस तिवारी, अंकित सिंह, राहुल गुप्ता, हिमांशु कुमार और कांस्टेबल अखिलेश कुमार शामिल थे। एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि अपराध और जुए के अड्डों पर पुलिस की सख्त निगरानी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऑनलाइन जुआ या किसी भी प्रकार के अवैध कार्य में शामिल व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार जुआरियों के आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है और उनके खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई है। साथ ही, पुलिस टीम अन्य संभावित आरोपियों पर भी नजर बनाए हुए है ताकि क्षेत्र में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को जड़ से खत्म किया जा सके।










Users Today : 86
Users This Year : 19421
Total Users : 32014
Views Today : 151
Total views : 63587