कैन्ट स्टेशन के सामने हरियाली संग बनेगी पार्किंग अवैध पार्किंग पर निगम की सख्ती शुरू

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी   नगर निगम वाराणसी शहर की पार्किंग व्यवस्था को नई दिशा देने जा रहा है। सोमवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी के सभागार में हुई पार्किंग प्रबंधन समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक का मुख्य फोकस — शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करना, अवैध पार्किंग पर लगाम लगाना और हरियाली के साथ आधुनिक पार्किंग विकसित करना रहा।

 

फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग और हरियाली का संगम

बैठक में नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि चौकाघाट से लहरतारा तक बने फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग स्थलों का विकास किया जाए और उन स्थानों पर हरियाली भी लगाई जाए ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ सौंदर्यीकरण भी हो सके। इसके लिए स्मार्ट सिटी टीम को विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए गए।

 

अवैध पार्किंग वालों पर होगी कार्रवाई

नगर आयुक्त ने बैठक में कहा कि शहर में कई स्थानों पर बिना अनुमति के पार्किंग संचालित की जा रही है, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

खराब कैमरों की मरम्मत के आदेश

अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान सिंह ने बताया कि शहर में लगे 360 डिग्री कैमरे कई स्थानों पर काम नहीं कर रहे हैं। इस पर नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता को सभी कैमरों को तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात निगरानी में कोई बाधा न हो।

 

कैन्ट स्टेशन, रोपवे और बस पार्किंग पर नया प्रस्ताव

बैठक में कैन्ट स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे हरियाली के साथ पार्किंग विकसित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही कैन्ट रोपवे के सामने नई पार्किंग व्यवस्था पर भी विचार हुआ। यातायात विभाग ने सुझाव दिया कि पीलर संख्या 49–50 से बसों के यू-टर्न के स्थान पर पीलर संख्या 65–66 के बीच रेलिंग हटाकर वैकल्पिक रास्ता बनाया जाए। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया।

 

पुरानी गाड़ियों का डंपिंग यार्ड और नीलामी

अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने बताया कि पुलिस लाइन में पुरानी गाड़ियाँ लंबे समय से खड़ी हैं। इस पर निर्णय लिया गया कि इन वाहनों के लिए डंपिंग यार्ड की व्यवस्था की जाएगी और जल्द ही नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी।

 

बैठक में निजी पार्किंग खोलने के लिए भूमि मानक तय किया गया:

• दोपहिया वाहनों के लिए — 4 वर्ग मीटर

• चारपहिया वाहनों के लिए — 23 वर्ग मीटर

• बसों के लिए — 30 वर्ग मीटर भूमि अनिवार्य होगी।

नाइट पार्किंग के लिए विशेष योजना

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सड़कों के किनारे नाइट पार्किंग स्थलों की अधिकतम पहचान की जाए ताकि रात में भी शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रहे।

 

बैठक में रहे ये अधिकारी

बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान सिंह, अपर नगर आयुक्त संगम लाल, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, जोनल अधिकारी दशाश्वमेध मृत्युंजय नारायण मिश्र, मुख्य अभियंता स्मार्ट सिटी अमरेन्द्र तिवारी, पीटीओ परिवहन अखिलेश पांडेय, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जितेन्द्र सिंह और नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। यह निर्णय वाराणसी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले महीनों में कैन्ट स्टेशन, चौकाघाट और लहरतारा क्षेत्र की पार्किंग समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

 

 

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई