चन्दौली डीडीयू नगर
गुरुवार को आजमगढ़ जिले के मेहनगर से श्रद्धालुओं का जत्था पैदल यात्रा करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचा। यहां से श्रद्धालु बाबा बैजनाथ धाम में दर्शन और जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। इस दौरान स्टेशन परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा बैजनाथ के दर्शन के लिए वे मेहनगर, आजमगढ़ से पैदल यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान उन्हें करीब 120 से 150 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती है। लंबी पैदल यात्रा में कई तरह की कठिनाइयां आती हैं, लेकिन बाबा के प्रति आस्था और विश्वास के चलते श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
मेहनगर की श्रद्धालु नीता दीक्षित ने बताया कि बाबा धाम तक पहुंचने में करीब 120 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि रास्ते में परेशानी और थकान तो होती है, लेकिन बाबा के दर्शन के बाद सभी दुख दूर हो जाते हैं और मन की मुराद पूरी होती है।
वहीं राहुल सेठ ने बताया कि वे मेहनगर, आजमगढ़ से बाबा बैजनाथ धाम जा रहे हैं। उनके अनुसार यात्रा करीब 150 किलोमीटर की है और रास्ते में कठिनाइयां भी आती हैं। उन्होंने बताया कि वह पहली बार नहीं, बल्कि कई बार बाबा धाम की यात्रा कर चुके हैं। उनका कहना है कि बाबा से सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती है।
श्रद्धालुओं में राहुल सेठ, पिंटू दीक्षित, शिवम सेठ, शुभम सेठ, विधु मिश्रा, विनीत दीक्षित और महेश समेत अन्य लोग शामिल रहे। सभी श्रद्धालु हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए बाबा धाम की ओर रवाना हुए। भक्तों ने कहा कि बाबा का नाम लेते ही मन को शक्ति मिलती है और हर कठिनाई आसान लगने लगती है।
रिपोर्ट – आलिम हाशमी










Users Today : 49
Users This Year : 23991
Total Users : 36584
Views Today : 145
Total views : 71961