शाही किले में योग का महासंगम डीएम सैमुअल पाल एन की अगुवाई में जौनपुर ने दिया स्वस्थ भारत का संदेश

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जौनपुर।

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जौनपुर का ऐतिहासिक शाही किला योग साधना का केंद्र बन गया। हजारों लोगों की मौजूदगी में आयोजित भव्य कार्यक्रम ने न सिर्फ योग के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि स्वस्थ और निरोग समाज के निर्माण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की सक्रिय भूमिका और कुशल नेतृत्व विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह “प्रिंशु”, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन, पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी की और योग को जन-जन तक पहुंचाने के शासन के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में प्रशासन ने योग दिवस को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का उत्सव बना दिया। शाही किले का ऐतिहासिक परिसर योग साधकों से गुलजार रहा और हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, शशकासन, मकरासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों एवं कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और शीतली प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के योग दिवस संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया।

राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम की एक और खास बात पर्यावरण संरक्षण का संदेश रही। प्रतिभागियों को पौधों का वितरण किया गया तथा योग प्रशिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। आकर्षक सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने तस्वीरें लेकर योग जागरूकता अभियान को और गति दी।

जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की प्रभावी कार्यशैली और प्रशासनिक नेतृत्व में संपन्न यह आयोजन जौनपुर में योग दिवस के सबसे यादगार आयोजनों में शामिल हो गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया और शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई