अलीनगर में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई बकरीद की नमाज़, गंगा-जमुनी तहज़ीब का दिया गया संदेश

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, गुरुवार को मुगलसराय/अलीनगर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व मुगलसराय और अलीनगर क्षेत्र में पूरी श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज़ के बाद लोगों ने देश और समाज में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी गई।

“गंगा-जमुनी तहज़ीब को कायम रखें”: इफ्तिखार भाई

इस अवसर पर जामा मस्जिद मुगलसराय के सदर इफ्तिखार भाई ने स्थानीय मीडिया से बातचीत करते हुए आपसी प्रेम और गंगा-जमुनी तहज़ीब को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि चंदौली जिले में हमेशा से भाईचारे की परंपरा रही है और यहां सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर रहते हैं।

“बकरीद की नमाज़ शांतिपूर्वक संपन्न हुई। हम सभी लोगों से अपील करते हैं कि गंगा-जमुनी तहज़ीब के साथ रहें। यहां कोई हिंदू-मुस्लिम विवाद नहीं है, सभी लोग बराबर हैं और शांति के साथ रहते हैं।”

इफ्तिखार भाई ने लोगों से अफवाहों और विवादों से दूर रहने की अपील की। साथ ही उन्होंने मुस्लिम समाज से गाय से जुड़े किसी भी विवाद से दूर रहने का आह्वान किया और सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग भी रखी।

“खुशियों में सबको शामिल करें”: इमाम शमशाद आलम

जामा मस्जिद मुगलचक अलीनगर के इमाम मोहम्मद शमशाद आलम ने भी ईद के मौके पर शांति और मोहब्बत का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “हम सबको शांति और प्रेम के साथ त्योहार मनाना चाहिए। अपने त्योहार की खुशियों में दोस्तों और अन्य समुदाय के लोगों को भी शामिल करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।” उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बकरीद की नमाज़ पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई।

प्रशासन रहा सतर्क, ड्रोन से निगरानी

त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। मौके पर सीओ अरुण कुमार सिंह एवं अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला पुलिस टीम के साथ लगातार गश्त करते रहे।

इस दौरान बलजीत शर्मा, राकेश कुमार तिवारी, कुंदन शर्मा, हर्षित कुमार गौतम, सतीश शेखर झा, चंदन कुमार, कन्हैया केसरी, पवन कुमार, क्रांति शर्मा, जनार्दन कुमार, अजीत कुमार, अरुण कुमार राय, सतीश कुमार, राहुल कुमार, कुंदन कुमार वर्मा, शशि शेखर झा, यज्ञवीर, शारदानंद मिश्रा एवं अशोक कुमार रावत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जनपद में बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण के साथ संपन्न हुआ। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

 

रिपोर्ट – अलीम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई