वाराणसी
धर्म नगरी वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। अस्सी पार्किंग के पास बाइक सवार युवकों ने एक फॉर्च्यूनर सवार युवक को न केवल गाली-गलौज और मारपीट का शिकार बनाया, बल्कि उसकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है।

दशाश्वमेघ क्षेत्र के लाहौरी टोला निवासी यश कपूर, जो पेशे से साड़ी व्यापारी हैं, ने बताया कि रविवार, 19 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच वे अपनी फॉर्च्यूनर कार (UP 65 FX 0606) से अस्सी घाट की ओर से जा रहे थे। अस्सी पार्किंग के समीप पहुंचते ही पीछे से बाइक सवार 3-4 अज्ञात युवक आए और बिना किसी कारण अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।

जब यश कपूर ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने ईंटों से हमला कर उनकी फॉर्च्यूनर कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, जब वे अपनी जान बचाकर वहां से घर की ओर भागने लगे, तो आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। भेलूपुर चौराहे के पास बदमाशों ने उन्हें दोबारा घेर लिया और गाड़ी में तोड़फोड़ करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया
इस वारदात में ऋषभ सिंह राजपूत का नाम सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी का विवादों और आपराधिक गतिविधियों से पुराना नाता रहा है। कुछ समय पहले उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित तौर पर बंदूक से फायरिंग करता नजर आया था।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट – धनेश्वर साहनी









Users Today : 13
Users This Year : 17454
Total Users : 30047
Views Today : 44
Total views : 59562