चंदौली इलिया क्षेत्र अंतर्गत बरियारपुर गांव में किसान विकास मंच का स्थापना दिवस ‘किसान पर्व’ के रूप में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रही, जहां किसानों की समस्याओं, नीतियों और अधिकारों को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रतन कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती लागत के इस दौर में किसानों को सहकारिता मॉडल अपनाना चाहिए, क्योंकि हर किसान महंगे कृषि यंत्र खरीदने में सक्षम नहीं है। उन्होंने किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए बौद्धिक प्रकोष्ठ के गठन पर जोर दिया, जिससे किसान संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए सही दिशा में संघर्ष कर सकें।
श्याम बिहारी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विदेशी दबाव में कृषि उत्पादों के आयात से देश के किसानों को नुकसान हो सकता है। वहीं बिहार से आए किसान नेता अभिमन्यु सिंह ने भारतमाला एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान किसानों की फसल नष्ट होने और अब तक मुआवजा न मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान आज भी न्याय के लिए अदालतों का चक्कर लगा रहे हैं।
किसान नेता सुमंत सिंह अन्ना ने बताया कि बरहनी ब्लॉक में प्रस्तावित 6000 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण योजना को किसानों के आंदोलन के बल पर वापस कराया गया। किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि सरकार द्वारा एमएसपी गारंटी कानून न बनाना किसानों के साथ विश्वासघात है और इसका लाभ किसानों तक नहीं पहुंच रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित पहलवान राजेंद्र सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से आते हैं और किसान विकास मंच को आर्थिक सहयोग देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान हास्य-व्यंग्य के कवि बंधू पाल बंधू, कृपा शंकर पटेल और बेचयी सिंह ने अपनी रचनाओं से लोगों को खूब हंसाया।
इस अवसर पर रतन कुमार सिंह, अभिमन्यु सिंह, श्याम बिहारी सिंह, सरोज कुमार, जवाहरलाल यादव, दिनेश यादव, प्रियांनद पांडेय, राजनाथ सिंह, चंद्र सुधीर सिंह, रवीन्द्र नाथ सिंह, सुनील सिंह, धीरज सिंह, ओमप्रकाश सिंह, इंद्रदेव यादव, केशव विश्वकर्मा, अयूब खान, शैलेश कुमार सिंह, शमशेर बहादुर सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे
कार्यक्रम का संचालन राम अवध सिंह ने किया।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 257
Users This Year : 10658
Total Users : 23251
Views Today : 422
Total views : 45661