चन्दौली चकिया तहसील क्षेत्र के खिलची रजडीहा गांव में सरकारी तालाब की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश के बाद करीब 5.59 हेक्टेयर तालाब की जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गांव पहुंची।
उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में नायब तहसीलदार आरिफ सहित राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ कराई। बताया गया कि इस मामले में रामबचन सिंह द्वारा हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि करीब 58 लोगों ने तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन हरकत में आया और कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासनिक टीम के गांव पहुंचते ही इलाके में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए इलिया थाना प्रभारी चंदन राय तथा चकिया क्षेत्राधिकारी रघुराज के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में तालाब की भूमि को कब्जामुक्त कराने का अभियान जारी रहा।
एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि और जलस्रोतों पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तालाब और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा शासन की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 49
Users This Year : 23991
Total Users : 36584
Views Today : 145
Total views : 71961