चन्दौली ताराजीवनपुर भारतमाला एक्सप्रेसवे परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना शनिवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। पिछले चार माह से लगातार आंदोलनरत ग्रामीण पिछले पंद्रह दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे थे। शनिवार को उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा एवं पंडित दीनदयाल नगर के क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई।
धरना स्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं और आपत्तियां सुनीं। उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने आश्वस्त किया कि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया पूर्णतया पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से की जाएगी। उन्होंने कहा कि सौ प्रतिशत मुआवजा वितरण के उपरांत ही किसी प्रकार की विस्थापन कार्यवाही की जाएगी, जिससे किसी भी प्रभावित किसान या ग्रामीण के साथ अन्याय न हो। अधिकारीद्वय ने ग्रामीणों से कहा कि उनकी मांगों एवं आपत्तियों को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में भेजा जाएगा और परियोजना कार्यवाही नियमानुसार आगे बढ़ेगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना और भूख हड़ताल समाप्त कर दी।
ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं लेकिन उचित मुआवजा और पुनर्वास उनके लिए सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद उन्होंने कहा कि अब वे औपचारिक निर्णय की प्रतीक्षा करेंगे। स्थानीय क्षेत्र में यह मामला लंबे समय से चर्चा में था, वहीं धरना समाप्त होने के बाद लोगों में राहत की भावना देखी गई। इस दौरान शशिकला, सामा, सावित्री, सुशीला, भागमनी, कृष्णावती आदि शामिल रहे।








Users Today : 16
Users This Year : 24193
Total Users : 36786
Views Today : 18
Total views : 72325