चन्दौली अलीनगर
थाना क्षेत्र के परोरवा गांव में दो हजार रुपये के मामूली विवाद में एक दोस्त ने दूसरे की हत्या कर दी। 20 वर्षीय राजकुमार की हत्या उसके दोस्त अरविंद ने सोमवार रात शराब पीने के बाद ईंट से सिर कूचकर की। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना मंगलवार दोपहर तब सामने आई जब गांव के कुछ लोग खेत में बकरी चराने गए। उन्होंने गिरधारी की झोपड़ीनुमा कोठरी में राजकुमार का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एडिशनल एसपी चंदौली मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्धों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सोमवार रात राजकुमार अपने दोस्त अरविंद के साथ कटरिया स्थित देसी शराब ठेके के पास दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने अरविंद को हिरासत में लिया।
हिरासत में लिए जाने पर अरविंद ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने राजकुमार को दो हजार रुपये उधार दिए थे, जिसे राजकुमार लौटाने से इनकार कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
सोमवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में उनका झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़ी ईंट उठाई और राजकुमार का सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी अरविंद अपने घर लौट गया और खून से सने कपड़े धुलवाए। अगले दिन वह अपनी बहन के घर रामनगर भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और रामनगर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्र अधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि आरोपी अरविंद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। घटनास्थल से बरामद ईंट और खून के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।










Users Today : 2
Users This Year : 6390
Total Users : 18983
Views Today : 2
Total views : 37576