वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दो दिवसीय वाराणसी दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी सीधे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से बिंदुवार जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने रेलवे, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री मार्गों के बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा तैनाती का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के आगमन के समय स्टेशन परिसर में समुचित व्यवस्थाएं और समन्वय बना रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्टेशन के सुंदरीकरण, प्लेटफार्म व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल पर चल रहे अंतिम चरण के कार्यों से अवगत कराया। सीएम योगी ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 नवंबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आगमन करेंगे। अगले दिन, 8 नवंबर को वह बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन अन्य नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री का यह निरीक्षण दौरा प्रधानमंत्री की यात्रा की सफलता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।










Users Today : 50
Users This Year : 6290
Total Users : 18883
Views Today : 117
Total views : 37342