आगरा- उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रयासों से आगरा को 39 करोड़ 62 लाख रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश की तीसरी अत्याधुनिक सुविधा युक्त साइंस पार्क और नक्षत्रशाला का शुभारंभ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय संयुक्त रूप से करेंगे।
शाहगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री उपाध्याय ने बताया कि 6 नवम्बर (गुरुवार) दोपहर 12 बजे इन विकास योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य उपस्थित रहेंगे।
उत्तर प्रदेश की तीसरी विकसित नक्षत्रशाला
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि जब वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री थे, तभी इस परियोजना की कार्य योजना तैयार कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत की गई थी। बाद में मुख्यमंत्री की स्वीकृति से बेसिक शिक्षा विभाग की भूमि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को हस्तांतरित की गई।
उन्होंने बताया कि ₹39.62 करोड़ की लागत से बनने वाली यह नक्षत्रशाला और साइंस पार्क, उत्तर प्रदेश की तीसरी उन्नत नक्षत्रशाला होगी। इसके निर्माण से छात्रों को खगोलशास्त्र के रहस्यों को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे शैक्षिक पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार अवसर सृजित होंगे।
सौर ऊर्जा से संचालित होगा पूरा परिसर
कैबिनेट मंत्री उपाध्याय ने बताया कि लगभग 11,149 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाले साइंस पार्क में ग्राउंड फ्लोर पर नक्षत्रशाला का निर्माण किया जाएगा, जो एसीपी लोहामंडी कार्यालय के पीछे, कोठी मीना बाजार के पास स्थित होगी। इसके अलावा 4,943 वर्ग मीटर क्षेत्र में आकर्षक साइंस पार्क विकसित होगा, जिसमें एक्सिबिशन हॉल, साइंस वर्कशॉप, पैंट्री और कार्यशाला कक्ष जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए पूरा परिसर सौर ऊर्जा द्वारा संचालित किया जाएगा।
विकास को मिलेंगे नए पंख
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य छात्रों को विज्ञान और खगोलशास्त्र की गहराई से परिचित कराना और शैक्षिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के कार्यकाल में आगरा को लगातार बड़ी सौगातें मिली हैं। गंगाजल योजना, एसएन मेडिकल कॉलेज को मिनी एम्स के रूप में विकसित करने की पहल और अब साइंस पार्क व नक्षत्रशाला के रूप में विकास की नई उड़ान। इस दौरान ओम प्रताप सिंह, सुनील करमचंदानी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।











Users Today : 106
Users This Year : 11290
Total Users : 11291
Views Today : 145
Total views : 24118