प्रदेश के मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अक्टूबर माह में कुल रू0 17747.06 करोड़ का राजस्व प्राप्त

Share

उत्तर प्रदेश      के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि प्रदेश के मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अक्टूबर माह में कुल रू0 17747.06 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अक्टूबर माह में रू0 17111.00 करोड़ राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के माह अक्टूबर में रू0 636.06 करोड़ राजस्व अधिक प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि कर राजस्व वाली मदों के अंतर्गत माह अक्टूबर तक रू0 122761.33 करोड़ की प्राप्ति हुई है। जो वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह अक्टूबर तक निर्धारित लक्ष्य का 74.4 प्रतिशत है।

वित्त मंत्री ने बताया कि जी०एस०टी० के अन्तर्गत माह अक्टूबर, 2025 में कुल रू0 6830.96 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई जबकि गत वर्ष अक्टूबर, 2024 के माह में प्राप्ति रू0 6799.27 करोड़ रही थी। वैट के अन्तर्गत माह अक्टूबर, 2025 में रू0 2401.82 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई जबकि गत वर्ष माह अक्टूबर, 2024 में प्राप्ति रू0 2171.16 करोड़ रही थी। आबकारी के अन्तर्गत माह अक्टूबर, 2025 में कुल रू0 4508.31 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई जबकि गत वर्ष माह अक्टूबर, 2024 में प्राप्ति रू0 3767.72 करोड़ रही थी। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में इस मद में रू0 740.59 करोड़ अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।

आबकारी मद के अंतर्गत माह अक्टूबर में राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य का 92 प्रतिशत की प्राप्ति हुई है। स्टाम्प तथा निबन्धन के अन्तर्गत माह अक्टूबर, 2025 की राजस्व प्राप्ति रू0 2287.27 करोड़ है जबकि गत वर्ष माह अक्टूबर, 2024 में प्राप्ति रू0 2890.88 करोड़ रही थी। परिवहन के अन्तर्गत माह अक्टूबर, 2025 की राजस्व प्राप्ति रू0 1418.62 करोड़ है जबकि गत वर्ष माह अक्टूबर, 2024 में प्राप्ति रू0 1074.76 करोड़ रही थी। भू-तत्व तथा खनिकर्म के अन्तर्गत माह अक्टूबर, 2025 में प्राप्ति रू0 300.08 करोड़ है जबकि गत वर्ष माह अक्टूबर, 2024 में प्राप्ति रू0 407.21 करोड़ रही थी।

श्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह अक्टूबर तक मुख्य कर राजस्व के अंतर्गत कुल रू0 122761.33 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। जो माह अक्टूबर 2025 तक निर्धारित लक्ष्य रू0 164977.00 करोड़ के सापेक्ष 74.4 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राज्यकर के अंतर्गत माह अक्टूबर तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य रू0 99741.65 करोड़ के सापेक्ष रू0 64107.66 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य का 64.3 प्रतिशत है। आबकारी मद के अंतर्गत इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य रू0 32500 करोड़ के सापेक्ष रू0 30657.63 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 94.3 प्रतिशत है।

स्टाम्प तथा निबंधन के अंतर्गत अक्टूबर माह तक राजस्व प्राप्ति निर्धारित लक्ष्य रू0 22525 करोड़ के सापेक्ष रू0 18807.85 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का 83.5 प्रतिशत है। परिवहन मद में निर्धारित लक्ष्य रू0 7866.60 करोड़ के सापेक्ष रू0 6725.98 करोड़ की प्राप्ति हुई है जो 85.5 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भूतत्व एवं खनिकर्म के अंतर्गत माह अक्टूबर तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य रू0 3000 करोड़ के सापेक्ष रू0 1962.48 करोड़ की प्राप्ति हुई है जो निर्धारित लक्ष्य का 65.4 प्रतिशत है।

 

रिपोर्ट- धनेश्वर साहनी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई