वाराणसी लोकआस्था के महापर्व डाला छठ और भव्य देव दीपावली से पहले प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा — “इस बार किसी भी घाट पर गंदगी या अव्यवस्था की शिकायत नहीं आनी चाहिए।”
73 नहीं, अब लगेंगे 150 पम्प मशीनें
बैठक में प्रमुख सचिव ने घाटों की जमी सिल्ट (गाद) की सफाई को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और निर्देश दिया कि मौजूदा 73 पम्प की संख्या बढ़ाकर 150 की जाए, ताकि सफाई कार्य तेज़ी और तय समयसीमा के भीतर पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर चरण की मॉनिटरिंग सीधे उनके स्तर से होगी।
हर घाट पर बनेगी सफाई गैंग
साफ-सफाई को लेकर अब हर घाट पर 10 कर्मचारियों की सफाई गैंग तैनात की जाएगी। ये टीमें प्रतिदिन सफाई और निगरानी का काम करेंगी। प्रमुख सचिव ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालु और महिलाएं किसी असुविधा का सामना न करें।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाए, साथ ही अतिरिक्त हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं ताकि रात के समय पर्याप्त रोशनी बनी रहे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
गुणवत्ता और समय सीमा पर जोर
प्रमुख सचिव ने सभी विभागों को दो टूक कहा कि कार्य गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर पूरे हों। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में छठ और देव दीपावली जैसे पर्वों के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु घाटों पर जुटेंगे, ऐसे में सफाई, सुरक्षा और सुगमता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में रहे कई अफसर मौजूद
बैठक में आयुक्त वाराणसी मंडल एस. राज लिंगम, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।प्रमुख सचिव ने अंत में कहा — “वाराणसी के घाट देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक हैं। इन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाना हमारी जिम्मेदारी है।”










Users Today : 43
Users This Year : 6283
Total Users : 18876
Views Today : 109
Total views : 37334