वाराणसी कमिश्नरेट श्रावण माह में प्रस्तावित शोभायात्रा, जलाभिषेक यात्रा, रक्षाबंधन, पूर्णिमा, बारावफात और अन्य आगामी पर्वों के मद्देनजर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा और यातायात का मेगा प्लान तैयार किया है। अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीना ने पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल,अपर पुलिस उपायुक्त काशी वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी और भारी पुलिस बल के साथ बारावफात जुलूस के निर्धारित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
प्रमुख स्थानों पर निरीक्षण अधिकारियों ने ब्रॉडवे तिराहा, रेवड़ी तालाब, गोदौलिया, रामापुरा, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और मैदागिन चौराहा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर पैदल भ्रमण किया। इस दौरान श्रावण शोभायात्रा, जलाभिषेक यात्रा और बारावफात जुलूस के मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों,भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। संकरे मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और यातायात के दबाव वाले स्थानों को चिन्हित कर समय से व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए गए।
श्रावण में मंदिरों और प्रमुख शिवालयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त फोर्स, कतार प्रबंधन और सतत निगरानी की जाए। बारावफात जुलूस के पूरे मार्ग का पुनः सत्यापन कर बाधाओं को हटाया जाए और बैरिकेडिंग लगाई जाए। जुलूस मार्ग और संवेदनशील स्थलों के हर प्वाइंट पर जिम्मेदार अधिकारी तैनात किया जाए। . ट्रैफिक और लोकल पुलिस समन्वय से डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग पहले से तैयार रखें। गोदौलिया, रामापुरा, रेवड़ी तालाब, ब्रॉडवे तिराहा पर ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त तैनाती हो।
जुलूस के आगे-पीछे फोर्स लगाकर गति और मार्ग पर निरंतर नजर रखी जाए। जुलूस मार्ग पर लटके बिजली के तार, निर्माण कार्य, अतिक्रमण और सड़क पर रखी सामग्री हटवाई जाए। थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी शांति समिति, आयोजकों और संभ्रांत नागरिकों से समन्वय करें। आयोजकों को निर्धारित मार्ग और समय का कड़ाई से पालन कराया जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई हो, जनता को जागरूक किया जाए।
QRT और रिजर्व फोर्स को तत्काल प्रतिक्रिया के लिए तैयार रखा जाए। महिला सुरक्षा के लिए भीड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती हो। एम्बुलेंस, फायर सर्विस के लिए आपात मार्ग हमेशा खुला रखा जाए। ड्यूटी के दौरान सभी पुलिसकर्मी सतर्कता, संयम और संवेदनशीलता से काम करें असामाजिक और संदिग्ध तत्वों पर विशेष निगरानी रख निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। फोर्स ब्रीफिंग और ड्यूटी प्वाइंट का भौतिक सत्यापन कर समय से उपस्थिति सुनिश्चित हो। सभी थाना क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।
बाजारों,मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात हो। प्रमुख चौराहों पर जाम न लगे, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस प्रभावी रहे। महिला बाजारों और शॉपिंग क्षेत्रों में महिला पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए। बहनों की सुरक्षा के लिए एंटी-ईव टीजिंग टीम लगातार भ्रमण करे। बाजारों में छेड़छाड़ पर विशेष नजर रखी जाए और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई हो। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीना ने कहा कि सुरक्षा और यातायात में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कमिश्नरेट की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सभी पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।








Users Today : 34
Users This Year : 24624
Total Users : 37217
Views Today : 55
Total views : 73116