जौनपुर में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर पर डीएम का छापा, निर्धारित शुल्क से ज्यादा वसूली की शिकायत पर भड़के जिलाधिकारी

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जौनपुर

जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का औचक निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्था और सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशिक्षणार्थियों एवं अन्य लोगों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और निर्धारित शुल्क की जानकारी ली।

इसी दौरान अवधेश कुमार एवं शिवपूजन पटेल ने जिलाधिकारी को शिकायत करते हुए बताया कि निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूली गई है। शिकायत का संज्ञान लेते ही जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता एवं प्रशिक्षणार्थियों से निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त धनराशि वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली या इस तरह की अन्य शिकायत सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमानुसार संचालित की जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ट्रेनिंग ट्रैक का भी निरीक्षण किया। ट्रैक की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में साफ-सफाई, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और प्रशिक्षण व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न की जाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप प्रशिक्षण केंद्र का संचालन निर्धारित मानकों एवं नियमों के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

रिपोर्ट: विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई