मीरजापुर, 18 अगस्त 2026-
केन्द्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन उर्वरक भारत सरकार/जनपद की लोकप्रिय सांसद अनुप्रिया पटेल ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन योजना के प्रगति कार्य की समीक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना के प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए
अधिकारियों को योजना की समयबद्धता व गुणवत्ता के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर नल योजना से जलापूर्ति जनपद के प्रत्येक गांव के अन्तिम छोर पर बसे छोटे से छोटे मजरो के प्रत्येक घरों में पानी उपलब्ध कराना सरकार की मंशा है अतएव इस संकल्प को पूर्ण करने के लिए कार्य में गति के साथ पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करना आवश्यक है।
कतिपय गांवों में ग्रामीणों के द्वारा हर घर नल योजना के कनेक्शन न होने अथवा कहीं-कहीं कनेक्शन के उपरान्त पानी न पहुंचने की शिकायत पर केन्द्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कनेक्शन लेने की आवेदन की प्रक्रिया एवं टोल फ्री नम्बर का गांव में वृहद प्रचार प्रसार कराया जाए। टोल फ्री नम्बरों को प्रत्येक गांव के ग्राम पंचायतों, प्राथमिक विद्यालयों व आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वाल पेंटिंग कराकर डिस्प्ले कराया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति फोन कर अपने कनेक्शन के लिए आवेदन दर्ज करा सके।
अधिशासी अभियंता जल निगम ने बताया कि ग्रामीणों के कनेक्शन के लिए जल जीवन मिशन के प्रत्येक ट्यूबवेल के आपरेटर के पास रजिस्टर बनाया गया है कोई भी व्यक्ति उसमें अपना आवेदन दर्ज करा सकता है। इसके अतिरिक्त टोल फ्री नम्बर-18001212164 एवं 1912 व 1076 पर फोन करके अपनी शिकायत को दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होने के तत्काल बाद उनके घर के कनेक्शन की कार्यवाही सुनिश्चित करा दी जायेगी।
बैठक में केन्द्रीय राज्यमंत्री जी द्वारा प्रत्येक परियोजना के एजेंसीवार पाइपलाइन ओवरहेड, सोलर पम्प, घरेलू कनेक्शन, कनेक्शन के पश्चात घरों में पानी पहुंच आदि के बारे में बिन्दुवार गहन समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि गांव में पानी की शुद्धता के लिए समय-समय पर पानी की जांच कराई जाए ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके। मंत्री जी को बताया गया कि कुल 1609 ग्रामों में प्रत्येक ग्रामवार 05-05 महिलाओं को पानी टेस्टिंग के लिए प्रशिक्षित किया गया है
तथा उन्हें टेस्टिंग किट भी उपलब्ध कराई गई। केन्द्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे एवं अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रशिक्षित महिलाओं की सूची व मोबाइल नम्बर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि सभी प्रशिक्षित महिलाओं को एक जगह एकत्रित कर उन्हें पानी की शुद्धता की जांच अन्य कार्य के बारे में जानकारी दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में जल मित्र का भी चयन करते हुए
उन्हें प्रशिक्षित कर उनके कार्यों के बारे में जानकारी दी जाए। मंत्री ने कहा कि लीकेज की शिकायत पर तत्काल मरम्मत कराने की कार्यवाही गुणवत्तापूर्ण ढंग से की जाए। पानी की शुद्धता की कभी-कभी थर्ड पार्टी से भी जांच करा ली जाए।बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे के द्वारा केन्द्रीय राज्यमंत्री को जानकारी दी गई कि जल जीवन मिशन के तहत कुल 09 परियोजनाओं पर 06 एजेंसियों के द्वारा कार्य किया जा रहा है, जिसमें कुल 1609 ग्राम पंचायत के सापेक्ष 10525 किलोमीटर की पाइपलाइन बिछाते हुए 1573 गांव में ग्राम प्रधानों के द्वारा कार्य पूर्ण होने के प्रमाण पत्र दिए जा चुके है।
अभी तक 311056 कनेक्शन के सापेक्ष 310295 घरों में कनेक्शन किए जा चुके है। यह भी बताया गया कि सांसद महोदया को क्षेत्र में प्रमुख कार्य के अन्तर्गत जनपद में कुल 802 नग नल जल मित्र का चयन किया गया है जो ग्रामों में पेयजल योजना के संचालन रखरखाव एवं छोटी मोटी तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे। इस के तहत 446 नग ग्राम पंचायतों में जल अर्पण कार्यक्रम भी किया गया।
विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों में जल नल की उपलब्धता तथा एफ0टी0के0 किट के द्वारा पेयजल की जांच हेतु जन जागरूकता भी कराई जा रही है। बैठक में केन्द्रीय मंत्री जी द्वारा एक-एक कार्यरत एजेंसियों के कार्यों के बारे में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सी0डब्लू0बी0, डब्लू0टी0पी0, ओ0टी0एच0, ट्यूबवेल, पाइप लाइन बिछाने का कार्य जल सारथी एप आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। क्षतिग्रस्त व लीकेज पाइप लाइनों को तत्काल ठीक कराने, गांव में प्रत्येक मजरो में पेयजल आपूर्ति कराने, जिन घरों में कनेक्शन नहीं है और वे कनेक्शन लेना चाहते है
उनसे आवेदन पत्र लेकर तत्काल कनेक्शन देना आदि के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश केन्द्रीय मंत्री जी द्वारा अधिकारियों को दिया गया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री जी द्वारा जल सारथी एप के द्वारा लालगंज के बेलहा, गांदपुर, मोहनपुर भवरख, सिकंदरपुर मठना आदि गावों में कराए गए कार्यों के प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात केन्द्रीय मंत्री जी द्वारा जल निगम नगरीय द्वारा जनपद के नगर पालिकाओं/नगर पंचायतों में भी निर्माणाधीन अमृत एवं अमृत योजना-2.0 परियोजनाओं के प्रगति के बारे में जानकारी ली गई जिसमें बताया गया
कि नगर पालिका परिषद मीरजापुर में कुल निर्माणाधीन 05 परियोजना में से दो पूर्ण तथा 03 नग प्रगति पर है। नगर पालिका परिषद अहरौरा एवं नगर पालिका कछवां में एक-एक परियोजना निर्माणाधीन है जिसके प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। बैठक में बताया गया कि नगर पालिका चुनार में पेयजल योजना के निर्माण हेतु 126.85 करोड़ की वित्त विभाग की वित्त व्यय समिति द्वारा अनुमोदन किया जा चुका है। वर्तमान तक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का शासनादेश जारी होना अवशेष है।
नगर पालिका मीरजापुर के तहत पक्का पोखरा वार्ड में 24 घण्टे पेयजल आपूर्ति के लिए अलग से परियोजना हेतु 14.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।बैठक में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नगर क्षेत्र में जल निगम के कार्यों के धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए 31 अगस्त 2026 तक सभी कार्य पूर्ण कराने का भी निर्देश अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय को दिया। जिलाधिकारी द्वारा केन्द्रीय मंत्री को जल जीवन मिशन ग्रामीण व नगरीय के सम्बंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन कराते हुए कार्यों को समय से पूर्ण कराया जायेगा।
विधायक छानबे रिंकी कोल, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द, राष्ट्रीय महा सचिव रमाशंकर सिंह पटेल, राष्ट्रीय सचिव किसान मंच रमाकांत पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष आई0टी0 मंच दुर्गेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम पटेल, जिला अध्यक्ष युवा मंच उदय पटेल, जिला सचिव संतोष विश्वकर्मा, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, एवं अधिशासी अभियंता नगरीय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर गोवा लाल, जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान के अलावा अन्य सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।









Users Today : 15
Users This Year : 23711
Total Users : 36304
Views Today : 46
Total views : 71312