चंदौली में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, डीएम और एसपी ने दिखाई हरी झंडी

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चंदौली/दिनांक 13 अगस्त, 2026

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान सैकड़ों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।

यह यात्रा महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य बाजार से गुजरती हुई वापस गंतव्य पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरा मार्ग ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा, तिरंगा हमारी राष्ट्रीय आन, बान और शान का प्रतीक है।

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना है। युवाओं को अपने देश के गौरवशाली इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अपने संबोधन में कहा तिरंगा यात्रा समाज में एकता, शांति और सौहार्द का संदेश देती है। उत्तर प्रदेश पुलिस न केवल आम जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है, बल्कि राष्ट्र निर्माण के हर आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेती है। ऐसे आयोजनों से आम जन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा जनपद के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।

 

रिपोर्ट – मोहम्मद तस्लीम

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई