वाराणसी
सीर गोवर्धनपुर वार्ड संख्या-23 स्थित संत रविदास मंदिर मुख्य मार्ग पर सड़क से सटे लगभग आधा दर्जन गहरे गड्ढे लंबे समय से खुले पड़े हैं। इन गड्ढों में हमेशा जलभराव रहने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और आए दिन राहगीर दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो रहे हैं।
गौरतलब है कि 29 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान इन गड्ढों को नगर निगम द्वारा बांस-बल्ली एवं हरे पर्दों से घेरकर ढक दिया गया था। क्षेत्रीय लोगों ने अधिकारियों से अनुरोध किया था कि यदि तत्काल मरम्मत संभव नहीं है तो कम से कम सुरक्षा के लिए लगाए गए बांस-बल्ली को न हटाया जाए।
लेकिन मुख्यमंत्री के लौटते ही 30 जुलाई को नगर निगम द्वारा सुरक्षा घेरा हटा लिया गया, जिससे यह स्थान फिर से आम जनता के लिए जानलेवा बन गया।

इसी गंभीर लापरवाही के विरोध में आज अमन यादव, महानगर अध्यक्ष, बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनता ने जलभराव वाले गड्ढे में उतरकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही गड्ढों की सुरक्षा व्यवस्था एवं स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्रीय जनता व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं नगर निगम प्रशासन की होगी।
प्रमुख रूप से लाल बहादुर यादव, बाबूलाल, चंदन सोनकर, गोलू यादव, चंचल तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – रिम्मी कौर











Users Today : 34
Users This Year : 23645
Total Users : 36238
Views Today : 76
Total views : 71179