मीरजापुर
जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC-5.0) के अंतर्गत प्राप्त निवेश प्रस्तावों की प्रगति और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) की समीक्षा की गई। जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने पर गहन मंथन हुआ। बैठक में प्रमुख उद्यमी, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और अग्रणी बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान उद्यमियों ने अपनी इकाइयों की वर्तमान स्थिति और स्थापना व संचालन में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि GBC-5.0 के तहत जनपद मीरजापुर के लिए निर्धारित 26,000 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल किया जाना है। सभी विभाग इसमें तेजी लाएं। बैंकों को निर्देश दिया कि सीएम युवा योजना के तहत स्वरोजगार हेतु ऋण वितरण में तेजी लाएं और जनपद का सीडी रेशियो बढ़ाएं।
उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक और सभी बैंकों के समन्वयकों को निर्देशित किया कि विभिन्न ऋण योजनाओं और बड़े प्रोजेक्ट की पत्रावलियों का निस्तारण सकारात्मक दृष्टिकोण से करें, जिससे प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी और रोजगार सृजन हो सके। उद्यमियों से जनपद में अधिक से अधिक निवेश करने का आह्वान भी किया।
9 उत्कृष्ट औद्योगिक इकाइयों का सम्मान
कार्यक्रम में जनपद में सफलतापूर्वक संचालित 9 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और स्थानीय विकास में योगदान के लिए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित इकाइयां – मेसर्स अपोलो पाइप लि. (निवेश 151 करोड़, रोजगार 200), मेसर्स मां महामाया इस्पात प्रा. लि. (127 करोड़, 65 रोजगार), मेसर्स आर.एल.जे. सीमेंट लि. (77.48 करोड़, 150 रोजगार), मेसर्स ए.ए.पी.एस. बायोडीजल प्रा. लि. (18 करोड़, 20 रोजगार), मेसर्स एवी प्रीसियस मेटल रिफाइनरी प्रा. लि. (50 करोड़, 20 रोजगार), मेसर्स देवी फूड्स (12 करोड़, 60 रोजगार) सहित अन्य।
अंत में उपायुक्त उद्योग ने सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि जिला उद्योग केंद्र हर संभव प्रशासनिक सहयोग के लिए तत्पर है।










Users Today : 6
Users This Year : 23702
Total Users : 36295
Views Today : 8
Total views : 71274