जौनपुर
30 जुलाई जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न ग्रामों में संचालित पेयजल परियोजनाओं, रोड रेस्टोरेशन, कार्यों की गुणवत्ता और परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने, घरेलू नल कनेक्शन, ओवरहेड टैंक निर्माण और जलापूर्ति व्यवस्था का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए।
उन्होंने भूमि विवाद और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, वहां श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराकर कार्य में तेजी लाने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को जलापूर्ति संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण, नियमित स्थलीय निरीक्षण तथा परियोजनाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शासन को समय-समय पर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने पाइपलाइन को क्षति पहुंचाने वाली संस्थाओं एवं एजेंसियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में जल सारथी मोबाइल ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस ऐप के माध्यम से ग्रामीण नागरिक पेयजल योजनाओं की रीयल टाइम जानकारी, शिकायत दर्ज करने और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










Users Today : 34
Users This Year : 23645
Total Users : 36238
Views Today : 88
Total views : 71191