जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लवकुश एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेला का किया स्थलीय निरीक्षण

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

भदोही 21 जुलाई 2026।

जनपद के सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन लवकुश एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेला के अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सीतामढ़ी स्थित मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों, चेंजिंग रूम, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था के साथ-साथ आपदा प्रबंधन एवं राहत संबंधी तैयारियों का भी गहन निरीक्षण किया। सभी व्यवस्थाएँ संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाई गईं।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने कहा कि सीतामढ़ी का लवकुश एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय रामायण मेला जनपद की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सतत सक्रियता तथा पुलिस प्रशासन की प्रभावी कार्ययोजना के परिणामस्वरूप मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न हुआ।

जिलाधिकारी ने मेला ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल, स्वयंसेवकों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला परिसर, घाटों एवं संपर्क मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता निरंतर बनाए रखी जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों, पुलिस बल एवं मोबाइल गश्ती दलों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की प्रभावी निगरानी की गई, जिससे मेला पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित संसाधनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि भविष्य में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में भी सभी आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की समय से उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति का त्वरित एवं प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों, मेला समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर, पुलिस क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर, संबंधित विभागों के अधिकारी, मेला समिति के पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट: फारूक जाफरी

Leave a Comment