मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे छिपा था ‘नशे का जखीरा’! चन्दौली पुलिस ने 7200 शीशी कोडीन कफ सिरप से भरा ट्रक पकड़ा, तस्करों में मचा हड़कंप

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

उत्तर प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास खड़े एक संदिग्ध लावारिस ट्रक से 7200 शीशी (720 लीटर) अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। तस्करों ने इस खेप को मुर्गी के दाने की 20 बोरियों के नीचे, बेहद शातिर तरीके से छिपा रखा था ताकि पुलिस की नजरों से बच सकें।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ट्रक संख्या UP74Y4726 की तलाशी ली। जांच में 36 बोरियों के भीतर छिपाई गई 72 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 3600 शीशी FAIRDYL NEW तथा 3600 शीशी एस्कफ कोडीन युक्त कफ सिरप मिला।

मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी ने बरामद दवाओं का परीक्षण कराया। नमूने जांच के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए हैं। ट्रक के केबिन से Fleetx कंपनी का जीपीएस डिवाइस और सिम भी बरामद किया गया है, जिसके जरिए तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

पुलिस के अनुसार ट्रक का स्वामी राहुल कुमार पुत्र जमादार सिंह, निवासी नासूपुर सजेती, पोस्ट मण्डई, जनपद फिरोजाबाद है। मामले में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 0458/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 की धारा 18A/28/18C/27B में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब इस अवैध खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है ताकि पूरे तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार मौर्य और कांस्टेबल प्रवेश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

रिपोर्ट: विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment