गोरखपुर
भारतीय जनता पार्टी द्वारा वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को “राष्ट्रीय संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क)” का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर गोरक्षनाथ सनातन संघ के प्रदेश संगठन महामंत्री आनंद शंकर पाठक एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी सुधाकर त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
अनंद शंकर पाठक ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन अनुशासन, समर्पण, राष्ट्रवाद एवं कार्यकर्ता आधारित कार्यसंस्कृति का सशक्त उदाहरण है। ऐसे में श्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी जैसे अनुभवी, दूरदर्शी एवं संगठननिष्ठ व्यक्तित्व को राष्ट्रीय स्तर की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना न केवल उनके वर्षों के समर्पित योगदान का सम्मान है, बल्कि संगठन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
उन्होंने बताया कि “राष्ट्रीय संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क)” के रूप में श्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का मुख्य कार्यक्षेत्र नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय कार्यालय रहेगा। वे देशभर के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने, संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद को मजबूत करने, संगठनात्मक अनुभव को नई पीढ़ी तक पहुँचाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने का दायित्व निभाएंगे।
शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती, राष्ट्रहित, जनसेवा, सामाजिक समरसता, युवाओं की सक्रिय भागीदारी तथा राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने जैसे विषयों पर गंभीर एवं सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही इस बात पर भी बल दिया गया कि मजबूत संगठन ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और समर्पित कार्यकर्ता ही किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक पूंजी होते हैं।
बैठक में गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय विस्तार अभियान पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। संगठन को देश के प्रत्येक राज्य, जिला, महानगर, तहसील एवं ग्राम स्तर तक मजबूत करने, युवाओं, महिलाओं, बुद्धिजीवियों एवं समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने, सेवा, संस्कार, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक जागरण के कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा सनातन संस्कृति एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण हेतु प्रभावी जनजागरण अभियान चलाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी जी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य राष्ट्रहित, समाजहित और सनातन संस्कृति के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक सामाजिक संगठनों, समर्पित कार्यकर्ताओं और दूरदर्शी नेतृत्व की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
अंत में सुधाकर त्रिपाठी ने गोरक्षनाथ सनातन संघ परिवार की ओर से नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को नवीन राष्ट्रीय दायित्व के लिए पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं संगठनात्मक कौशल से भारतीय जनता पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा राष्ट्रहित एवं जनसेवा के कार्यों को नई दिशा और गति प्राप्त होगी।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला











Users Today : 34
Users This Year : 23645
Total Users : 36238
Views Today : 76
Total views : 71179