लखनऊ
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय गोपाल राय ने परिषद के राष्ट्रीय सलाहकार एवं युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के असामयिक एवं रहस्यमयी निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राहुल सिंह असाधारण प्रतिभा के धनी थे।
उन्होंने मात्र 13 वर्ष की आयु में ड्रोन बनाकर युवा वैज्ञानिकों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की थी। वहीं, 16 वर्ष की आयु में बैटरी से चलने वाला ट्रैक्टर विकसित कर अपनी अद्भुत वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया था। ऐसे प्रतिभाशाली युवा का असमय निधन देश, समाज और विज्ञान जगत के लिए अत्यंत दुःखद एवं अपूरणीय क्षति है।
गोपाल राय ने कहा कि राहुल सिंह की मृत्यु से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने के लिए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच कर दोषियों की पहचान की जाए तथा जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल राहुल सिंह के परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए 20 जुलाई को जनपद महाराजगंज के थाना कोठीभार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिसवा जाएगा।
इस दौरान प्रमुख रूप से मनीष राय, हिमांशु धवल, पंकज अग्रवाल, ओम शंकर गुप्ता, श्याम बिहारी, कार्तिक माथुर, ममता चौधरी, रितेश कुमार एवं अन्य लोग उपस्थित रहेंगे। विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने राहुल सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।









Users Today : 31
Users This Year : 23642
Total Users : 36235
Views Today : 57
Total views : 71160