सीडीओ ने किया चन्दौली के विभिन्न विकास खंडों का औचक निरीक्षण, आवास निर्माण और किसानों को पानी दिलाने के दिए सख्त निर्देश

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली डीडीयू नगर।जनपद में विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साँई पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मंगलवार (14 जुलाई) को उन्होंने जनपद के विभिन्न विकास खण्डों का सघन निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

अपने दौरे के प्रथम चरण में मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खण्ड नौगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत मझगावा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर परियोजना निदेशक (जिला ग्राम्य विकास अभिकरण), उपायुक्त श्रम रोजगार, खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) नौगढ़, स्थानीय ग्राम प्रधान तथा भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

सीडीओ की मौजूदगी में ग्राम पंचायत के पात्र गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी नौगढ़ को सख्त निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत तय सभी सरकारी औपचारिकताओं को अविलंब पूर्ण किया जाए और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराकर निर्धनों को छत मुहैया कराई जाए।

इसके बाद सीडीओ आर. जगत साँई ने विकास खण्ड चकिया की ग्राम पंचायत शिकारगंज पहुचे, जहाँ उन्होंने भोखा बन्धी का बारीकी से निरीक्षण किया। किसान हमारे अन्नदाता हैं और उनके खेतों तक पानी पहुँचना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान मौके पर बन्धी डिविजन के अधिशासी अभियंता, जूनियर इंजीनियर (JE) प्रकाश एवं स्थानीय किसान मौजूद थे। सीडीओ ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि किसान भाइयों के व्यापक हित को देखते हुए बन्धी से जल्द से जल्द पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि फसलों को समय पर सींचा जा सके।

विकास खण्ड शहाबगंज में नहर के पानी का जलस्तर बढ़ाने की माँग को लेकर किसान भाइयों द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीडीओ स्वयं धरना स्थल पर पहुँचे और बेहद संवेदनशीलता के साथ किसानों की समस्याओं को सुना।

समस्या के तत्काल समाधान के लिए उन्होंने मौके से ही दूरभाष (फोन) के माध्यम से संबंधित विभाग के उच्चाधिकारी को निर्देशित किया कि वे तुरंत धरना स्थल पर पहुँचें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी मौके पर उपस्थित होकर किसानों द्वारा बताई जा रही समस्या का हर संभव और उचित समाधान तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी किसान भाई को परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

रिपोर्ट आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई