लखनऊ।
रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित ताज होटल में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर तथा पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर विभिन्न जनहित एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट को प्रभावी ढंग से लागू किए जाने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इसके साथ ही बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने, ब्लॉक स्तर पर लघु एवं कुटीर उद्योगों की स्थापना कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करने जैसे विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में वंचित एवं पिछड़े वर्गों की सक्रिय राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही गोंड एवं खरवार समाज के पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने के विषय पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
इसके अतिरिक्त बंजारा, पाल, प्रजापति, गोंड, खरवार, अर्कवंशी, खंगार, बांसफोर, बिंद, पासवान सहित समकक्ष समाजों से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं प्रशासनिक मुद्दों के त्वरित समाधान की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। बैठक में इन वर्गों के हितों की रक्षा, सामाजिक न्याय तथा समावेशी विकास के लिए प्रभावी कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक को सकारात्मक एवं परिणामोन्मुख बताते हुए उपस्थित नेताओं ने कहा कि सरकार और गठबंधन जनहित, सामाजिक न्याय तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न वर्गों की समस्याओं के समाधान तथा संगठनात्मक समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।









Users Today : 1
Users This Year : 24230
Total Users : 36823
Views Today : 2
Total views : 72376