चंदौली।
बलुआ थाना क्षेत्र के मारुफपुर चौकी अंतर्गत चकिया बिहारी मिश्र और पट्टी गांव में शनिवार तड़के चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। बेखौफ बदमाशों ने करीब 15 लाख रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों घटनास्थल मारुफपुर पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर हैं, फिर भी पूरी रात चोर वारदात करते रहे और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी है।
छत पर सो रहा था परिवार, नीचे अलमारी तोड़ ले गए गहने
पहली वारदात अमरीश मिश्र के घर हुई। गर्मी के कारण पूरा परिवार छत पर सो रहा था। इसी दौरान चोर घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर तीन सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र और मांगटिका चोरी कर ले गए। सुबह परिवार नीचे पहुंचा तो सामान बिखरा मिला। पीड़ित के अनुसार करीब 2.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
बेटी की शादी के लिए जुटाई पूंजी भी ले गए बदमाश
दूसरी और सबसे बड़ी चोरी शैलेंद्र चौबे के घर हुई। उनकी एक बेटी की शादी हाल ही में हुई थी, जबकि दूसरी की शादी दिसंबर में तय है। शादी के लिए बनवाए गए गहने और नकदी चोर समेट ले गए। चोरी हुए सामान में चांदी की करधनी, सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, लॉकेट, मीना के कान के आभूषण, दो पायल और 25 हजार रुपये नकद शामिल हैं। पीड़ित ने कहा कि बेटी की शादी के लिए जीवनभर की जमा पूंजी एक ही रात में लुट गई।
सूना घर भी नहीं बचा, ताला तोड़कर उड़ाए जेवर
तीसरी घटना राम अवध चौबे के घर हुई। परिवार वाराणसी के एक अस्पताल में होने के कारण घर बंद था। इसका फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ा और मंगलसूत्र, पायल, सोने का जुतिया समेत अन्य जेवर लेकर फरार हो गए। सुबह पड़ोसियों ने टूटा ताला देखा तो परिवार को सूचना दी।
ढाई घंटे तक मचाते रहे आतंक, पुलिस बेखबर
ग्रामीणों के मुताबिक तीनों वारदात रात 12:30 बजे से 3:30 बजे के बीच हुईं। आशंका है कि चोरों ने पहले से रेकी कर उन्हीं घरों को निशाना बनाया जहां लोग छत पर सो रहे थे या घर पूरी तरह खाली था। आराम से ताले तोड़कर बदमाश कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। लगातार तीन घरों में हुई चोरी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।









Users Today : 1
Users This Year : 24230
Total Users : 36823
Views Today : 2
Total views : 72376